मिताली राज 100 प्रभावशाली महिलाओं की लिस्ट में शामिल
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज इस साल की सबसे प्रभावशाली 100 महिलाओं की लिस्ट में शामिल हुई हैं। ये लिस्ट बीबीसी द्वारा जारी की गई है। जिसमें हर क्षेत्र से महिलाओं को शामिल किया गया है। इस लिस्ट में मिताली के अलावा एम्बाइब कंपनी की सीईओ अदिती अवस्थी, राइटर इरा त्रिवेदी और पिछले आठ साल से तिहाड़ जेल में बच्चों को पढ़ाने वाली शिक्षिका तुलिका किरण को भी लिस्ट में शामिल किया गया है।
मिताली की कप्तानी में वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंची थी टीम
मिताली ने इस साल आईसीसी महिला विश्वकप में भारतीय टीम को फाइनल में पहुंचाया था। इसी वजह से उन्हें 2017 की सबसे प्रभावशाली महिलाओं की लिस्ट में शामिल किया गया है। हाल ही में मिताली ‘वोग’ मैगजीन के कवर पेज पर काफी स्टाइलिश लुक में नजर आईं थीं।
पूरी दुनिया में होगा चेलेंज
इस लिस्ट में एक्टर नवाजुद्दीन की मां मेहरुन्निसा सिद्दीकी को भी शामिल किया गया है। बता दें यह लिस्ट पूरी कवायद का एक हिस्सा भर है। यह सूची बीबीसी 100 महिला चैलेंज से प्रेरित है। इसमें एक कार्यक्रम के तहत प्रतिभाशाली महिलाओं की चार टीमें बनाई जाएंगी। जिन्हें रोजमर्रा की मुसीबतों से निपटने की चुनौती दी जाएगी। यह चैलेंज दिल्ली में नौ से 13 अक्टूबर के बीच किया जाएगा। इस तरह के कई चैलेंज पूरी दुनिया में कई जगह होंगे। लिस्ट में शामिल 60 महिलाएं ऐसी हैं जिन्हें देखकर दूसरे प्रेरित होते हैं। वहीं बाकी बचे 40 स्थान इस चैलेंज के साथ भरे जाएंगे।