गुरमीत का करीबी दिलावर गिरफ्तार, फरार हनीप्रीत की मिल सकती है जानकारी
पंचकूला पुलिस को डेरा सच्चा सौदा मामले में एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस ने दुष्कर्म मामले में सजा काट रहे गुरमीत राम रहीम के खास दिलावर सिंह इंसा को पकड़ा लिया है। उसे कल देर रात सोनीपत के गोहाना के पास गिरफ्तार किया गया था। उम्मीद की जा रही है कि बहुत जल्द फरार चल रही हनीप्रीत को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पत्नी समेत दिलावर गिरफ्तार
दिलावर डेरा प्रवक्ता है जिस पर देशद्रोह का मामला दर्ज है। दिलावर और उसकी पत्नी पूजा गोहाना के आदर्श नगर में अपने रिश्तेदार के घर में ठहरे हुए थे। सूचना मिलने पर पंचकूला के एसीपी मुकेश मल्होत्रा के नेतृत्व वाली एसआईटी ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों को अपने साथ पंचकूला ले गई है।
फरार हनीप्रीत की मिल सकती है जानकारी
दिलावर पर साजिश रचने, देशद्रोह जैसे केस दर्ज हैं। वह गुरमीत राम रहीम के सबसे करीबियों में से एक है। पुलिस आज उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। पुलिस के अनुसार दिलावर से उन्हें डेरा से जुड़ी काफी जानकारियां मिल सकती हैं। वहीं अब पुलिस को उम्मीद है कि वह बहुत जल्द हनीप्रीत को भी पकड़ लेंगे। क्योंकि दिलावर गुरमीत राम रहीम और हनीप्रीत का करीबी है और वह हनीप्रीत से जुड़ी जानकारी दे सकता हैं।
दिलावर सिंह इंसा पर देशद्रोह का है आरोप
बता दें दिलावर सिंह ने 25 अगस्त हो दान सिंह और चमकौर सिंह के साथ मिलकर पंचकूला में आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं को अंजाम दिया था। उस दौरान दिलावर ने मीडिया को कई बार नसीहतें भी दी थीं। उसका कहना था कि बाबा के खिलाफ कुछ गलत ना चलाओ इससे नुकसान हो सकता है।