छत्रपति और रणजीत हत्याकांड में राम रहीम की पेशी, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम के खिलाफ हत्या के दो मामलों में आज पेशी होनी है। पंचकूला की सीबीआई कोर्ट में पत्रकार रामचंद्र छत्रपति साहू और डेरा के प्रबंधक रणजीत सिंह की हत्या के मामले में गुरमीत राम रहीम की पेशी होगी। इसके तहत रोहतक, पंचकूला समेत पूरे राज्य में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। पंचकूला में अर्धसैनिक बलों और हरियाणा पुलिस की टुकड़ियों को तैनात किया गया है।
दोषी होने पर उम्रकैद या मृत्युदंड की हो सकती है सजा
रोहतक जेल में बलात्कार की सजा काट रहे राम रहीम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रोहतक जेल से सीबीआई की विशेष अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। वह अभी बलात्कार के दो मामलों में 20 साल की जेल की सजा भुगत रहे हैं। वहीं अगर हत्या के दो मामलों में दोषी पाए गए तो उन्हें उम्रकैद से लेकर मृत्युदंड तक की सजा दी जा सकती है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम- संधू
हरियाणा पुलिस महानिदेशक बीएस संधू ने कहा है कि इन दोनों मामलों की सुनवाई को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिससे कोई भी अप्रिय घटना ना घट सके। उन्होंने साफ किया की राम रहीम जेल में बंद है और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनकी सुनवाई जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ही होगी।
अखबार में छापा था गुरमीत के काले कारनामों का पत्र
बता दें पत्रकार रामचंद्र छत्रपति पर 24 अक्टूबर 2002 को सिरसा में उनके घर के बाहर गोलियों से छलनी कर दिया गया था। 21 नवंबर 2002 को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी। उन्होंने अपने अखबार पूरा सच में एक गुमनाम पत्र छापा था जिसमें बताया गया था कि किस तरह से सिरसा स्थित डेरा मुख्यालय में साध्वियों का यौन शोषण होता है।
रणजीत पर था साध्वी का पत्र पहुंचाने का था शक
वहीं 10 जुलाई 2002 को डेरा प्रबंध समिति सदस्य रहे रणजीत सिंह की हत्या कर दी गई थी। उन पर साध्वी का पत्र तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी तक पहुंचाने का शक था। वहीं इन दोनों मामलों में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने नवंबर 2003 में सीबीआई जांच के आदेश दिए थे। हत्या मामले में सीबीआई ने 30 जुलाई 2007 को आरोप पत्र दाखिल किया था। इन दोनों मामलों में आज सुनवाई होनी है।