बागपत नाव हादसाः 22 लोगों की मौत, 2 लाख का मुआवजा देगी योगी सरकार
उत्तर प्रदेश के बागपत में एक नाव के पलटने से करीब 22 लोगों की मौत हो गई। गुरुवार को ये हादसा तब हुआ जब किसानों और मजदूरों से भरी नाव यमुना नदी में डूब गई। इस नाव में करीब 60 लोग सवार थे। पुलिस और जांच टीम बचाव कार्य में जुटी हुई है। वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में मरने वालों के परिजनों को 2 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है।
कुछ लोगों की हालत गंभीर- प्रशासन
मजदूरों से भरी ये नाव हरियाणा की तरफ जा रही थी। उसी वक्त ये हादसा हो गया। हादसे के बाद बचाव कार्य में जुटीं टीमों ने करीब एक दर्जन लोगों को पानी से बाहर निकाल लिया है। पानी से बाहर निकाले गए लोगों को प्राथमिक चिकित्सा के लिए पास के अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं प्रशासन की ओर से खबर मिली है कि निकाले गए लोगों में से कुछ लोगों की हालत गंभीर भी है।
गुस्साए लोगों ने दिल्ली हाइवे किया जाम
बचाव कार्य की टीम बाकी लापता लोगों को ढूंढने का काम कर रही हैं। इस हादसे की वजह ज्यादा यात्रियों को नाव में बैठाना बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार नाव में करीब 15 लोगों को बैठाने की क्षमता है और वह करीब 60 लोगों के लेकर जा रही थी इसी वजह से ये हादसा हुआ है। मृत लोगों के शवों की पहचान भी शुरू कर दी गई है। वहीं हादसे के बाद लोगों ने प्रशासन पर समय से मदद ना पहुंचाने का आरोप लगाया है। गुस्साए लोगों ने दिल्ली हाइवे को जाम कर वाहनों की तोड़फोड़ भी की है।